बंद होंगे बेसिक शिक्षा विभाग के 188 मॉडल स्कूल, मूल स्कूलों में जा सकते हैं शिक्षक

बुलंदशहर:- बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जिले में बनाए गए अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को शासन के आदेश पर बंद किया जाएगा। 16 ब्लॉकों में गत वर्षों 188 अंग्रेजी माध्यम स्कूल बनाए गए थे और इन स्कूलों में बच्चों को अंग्रेजी विषय में तेज तर्रार किया जाना था।

किंतु यह स्कूल शैक्षणिक गुणवत्ता में स्कूल कोई खास छाप नहीं छोड़ सके और अब शासन ने इन स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया है। गत दिनों शासन ने स्कूलों की रिपोर्ट मांगी थी, जिसके बाद अब शासन यह कार्रवाई कर रहा है।

परिषदीय स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों को अंग्रेजी विषय में तेज-तर्रार करने के लिए शासन के आदेश प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम स्कूल बनाया गया था।

जिले की बात करें तो यहां 16 ब्लॉक में 188 परिषदी स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम का दर्जा दे दिया गया था। स्कूलों में अंग्रेजी विषय के शिक्षकों को परीक्षा के माध्यम से नियुक्त किया गया। मगर अब शासन अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को बंद करने जा रहा है। बताया गया कि यह स्कूल शैक्षणिक गुणवत्ता को सुधारने में कोई खास छाप नहीं छोड़ सकें हैं और इनमें पढ़ाई भी ठीक प्रकार से नहीं होती है।

पूर्व में शासन ने अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की रिपोर्ट भी मांगी थी, तो यहां से विभाग ने पूरी जानकारी भेजी थी, इसी को आधार मानते हुए अब शासन अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को बंद करने जा रहा है। बेसिक शिक्षामंत्री सतीश द्विवेदी ने गत दिनों स्कूलों को बंद करने की घोषणा कर दी थी। बताया जा रहा है इसी जल्द ही इन स्कूलों को बंद कर दिया जाएगा।

मूल स्कूलों में जाएंगे शिक्षक
अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में अंग्रेजी विषय के शिक्षकों को रखा गया था, तो इन शिक्षकों का विभाग ने पदस्थापन किया था। स्कूल बंद होने के बाद अब इन शिक्षकों को उनके मूल स्कूलों में भेजा जाएगा। काफी शिक्षक तो दूर के स्कूलों से निजात पाने के लिए नजदीक के स्कूलों में आ गए थे, जिसके बाद अब इन शिक्षकों को दूर के स्कूलों में पहुंचना होगा। बीएसए ने बताया कि शासन के आदेश आते ही इन स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम से हटा लिया जाएगा।