एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती-2018 के 3,520 पदों को भरने की मांग कर रहे अभियार्थिय

प्रयागराज : पेपर लीक प्रकरण में फंसी एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती-2018 अब पूरी हो गई है। समस्त 15 विषयों के चयनितों को नियुक्ति मिल चुकी है, लेकिन असफल अभ्यर्थियों की चिंता कायम है। अभ्यर्थी 3,520 पदों को भरने की मांग कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का तर्क है कि उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग अगर भर्ती नहीं निकालना चाहता तो प्रतीक्षा सूची जारी करके पद भरे। इसके मद्देनजर प्रतियोगियों ने आयोग अध्यक्ष संजय श्रीनेत से मिलने का समय मांगा है।


एलटी ग्रेड की भर्ती को लेकर शुरू से असमंजस की स्थिति थी। भर्ती 2016 तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के शासनकाल में निकाली गई। इसमें मेरिट के आधार पर 9,300 से अधिक पदों पर भर्ती होनी थी। 2017 में सत्ता बदल गई तो योगी सरकार ने 15 विषयों में पदों की संख्या बढ़ाकर 10,768 कर दिया। अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा के आधार पर करने का निर्णय हुआ। भर्ती में 7,63,317 आवेदन हुए। भर्ती पैटर्न बदल जाने पर आयोग ने 2018 की भर्ती मानते हुए 29 जुलाई को लिखित परीक्षा आयोजित की। एलटी समर्थक मोर्चा के संयोजक विक्की खान कहते हैं कि एलटी ग्रेड-2018 के खाली पदों को भरने के लिए भी शीघ्र भर्ती निकालनी चाहिए। अन्यथा प्रतीक्षा सूची जारी कर पदों को भरा जाए, जिससे युवाओं को रोजगार मिल सके।