अब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उप्र का चुनाव प्रभारी बनाया गया : भाजपा

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मणिपुर में फिर से सरकार गठन के लिए जहां विकास और जातिगत फामरूले को धार दी जा रही हैं वहीं रणनीति और संगठन के तौर पर भी भाजपा राज्य के एक-एक जोन को कसने में जुट गई है। चुनाव प्रभारी के रूप में अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरे जोड़े गए हैं।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अनुभवी प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह के साथ अब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उप्र का चुनाव प्रभारी और केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर समेत अन्य सात को सह चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ-साथ छह जोन के अलग से छह क्षेत्र प्रभारी बनाए गए हैं।

विधानसभा चुनाव में यूं तो पांच छह माह की देरी है लेकिन भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तत्काल प्रभाव से मंत्रियों को जिम्मेदारी लेने को कहा है। उप्र सबसे अहम भी है और तेज हुई ओबीसी राजनीति भी यहीं सबसे ज्यादा गर्म है। ऐसे में प्रधान की नियुक्ति को रणनीति के रूप में ही देखा जा रहा है। बिहार और उप्र में भाजपा गैर यादव ओबीसी राजनीति पर फोकस करती रही है। प्रधान ओबीसी हैं और बिहार समेत कई राज्यों में प्रभारी के रूप में कामकाज देखने का अनुभव है। सह प्रभारी बनाए गए अनुराग अगड़ी जाति से हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री अजरुन राम मेघवाल, शोभा करांदलजे, अन्नपूर्णा देवी, कैप्टन अभिमन्यु, विवेक ठाकुर और सरोज पांडे को सह प्रभारी बनाया गया है।