43 हजार गांवों में पंचायत सहायकों का चयन पूरा

लखनऊ। प्रदेश की 43 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक / अकाउंटेंट कम डाटा इंट्री आपरेटर के चयन की कार्यवाही पूरी हो गई है। शेष में चयन का कम चल रहा है। हालांकि चयनित पंचायत सहायकों से अनुबंध की कार्यवाही में सुस्ती बनी हुई है। चयनित में से एक तिहाई का भी अनुबंध नहीं हो सका है।

प्रदेश सरकार ने सभी 58, 189 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक/अकाउंटेंट कम डाटा इंट्री आपरेटर की नियुक्ति का एलान किया था। आवेदन से नियुक्ति तक की कार्यवाही 10 सितंबर तक पूरी होनी थी। मगर कार्यवाही तय शिड्यूल पर पूरी नहीं हो पाई है। शनिवार शाम तक 43,743 ग्राम पंचायतों में चयन हो पाया था। जिलों ने ब्योरा पंचायतीराज विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन अपडेट किया है। अभी करीब 15 हजार पंचायत सहायकों का चयन बाकी है। इसी तरह चयनित पंचायत सहायकों के अनुबंध संबंधी कार्यवाही भी काफी धीमी है। चयनित अभ्यर्थियों में से अब तक 13,694 का ही अनुबंध हो सका है।