स्कूल की रसोई में लगी भीषण आग, दो शिक्षिकाएं झुलसीं, दीवार तोड़कर बच्चों को सुरक्षित निकाला गया

बंदरखेड़ा गांव के प्राथमिक विद्यालय के किचन शेड में गैस सिलेंडर के रेगुलेटर से रिसाव होने पर भीषण आग लग गई। आग बुझाने के चक्कर में प्रधानाध्यापिका समेत दो शिक्षिकाएं झुलस गईं। हालत गंभीर होने पर दोनों को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया। विद्यालय में दीवार तोड़कर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।


शनिवार सुबह 9.30 बजे विद्यालय की रसोई में बच्चों के लिए खाना पकाया जा रहा था। रसोइया ने जब गैस सिलेंडर का रेगुलेटर खोला तो उसमें रिसाव हो गया। अभी वह संभल पाती कि इस बीच आग पूरे किचन में फैल गई। प्रधानाध्यापिका सुधा और सहायक अध्यापिका आदित्य कुमारी ने फैल रही आग को बुझाने की कोशिश की जिसमें दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। उनको आग से घिरता देख सहायक अध्यापिका बचाने के लिए आगे बढ़ी तो वह भी झुलस गई। प्रधान विनय कुमार की देखरेख में ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से दीवार तोड़कर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझी और सिलेंडर को बाहर फेंका गया। फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझने के बाद मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से झुलसीं दोनों शिक्षिकाओं को इलाज के लिए लोहिया अस्पताल भेजा गया। जहां से इन्हें हायर सेंटर भेज दिया गया।